
यहां एक भारत, श्रेष्ठ भारत के दर्शन होते हैं
सूरजकुंड मेले में मुख्यमंत्री ने किया इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स-2023 का ब्रोशर लांच
प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को सूरजकुंड मेला स्थल स्थित होटल राजहंस में हरियाणा के मंत्रिमंडल के सदस्यों व विधायकों को दोपहर का लंच दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश-विदेश के कलाकारों व शिल्पकारों की कल्पनाओं से सराबोर कलाकृतियों से सुसज्जित इस हस्तशिल्प मेले की छटा देखते ही बनती है। इस तरह के मेले शिल्पकारों को अपनी पसंद व कला के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं। यह मेला विविधता में एकता लिए एक भारत श्रेष्ठ भारत का दर्शन कराता है। उन्होंने कलाकारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अपनी कला को संजोए रखें और इसे बांटें, क्योंकि आधुनिक काल में भी इन कलाओं को बहुत पसंद किया जाता है।
सूरजकुंड मेला शिल्पकारों और हथकरघा कारीगरों को अपना हुनर प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच रहा है। यह मेला विभिन्न अंचलों की लोक कलाओं, लोक-व्यंजनों, लोक-संगीत लोक-नृत्यों और वेशभूषा से रू-ब-रू करवाता है। मुख्यमंत्री ने मेले में मिनिस्ट्री ऑफ डेवलपमेंट ऑफ नॉर्थ ईस्ट रीजन का इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स 2023 का ब्रोशर लॉन्च किया। संयुक्त राष्ट्र परिषद ने वर्ष 2023 को इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स 2023 घोषित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विभिन्न अवसरों पर मोटे अनाज के प्रयोग करने का आह्वान कर रहे हैं। हरियाणा सरकार भी मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है। सूरजकुंड मेले में भी बाजरे से तैयार कई स्वादिष्ट व स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार किए गए हैं।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने विधायकों व मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ भोजन किया तथा विदेशी कलाकारों ने अपनी कला एवं संस्कृति का प्रदर्शन किया।
अलग-अलग भाव, पहनावे, म्यूजिक तथा बोल सुना कर विदेशी कलाकारों ने दुनिया भर की सांस्कृतिक विविधताओं से माहौल को गुंजायमान कर दिया। सभी ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में क्लासिक से लेकर फोक तक अपनी प्राचीन परंपराओं को संजीव कर दिया। स्टेज पर जी-20 के थीम एक धरा, एक परिवार,
एक भविष्य की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता,परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल, विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, श्रम राज्य मंत्री अनूप धानक, हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन अरविंद यादव, विधायक नैना चौटाला, सीमा त्रिखा, नीरज शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, राजेश नागर, प्रवीण डागर, सीताराम यादव, सोमवीर सांगवान, घनश्याम सर्राफ, निर्मल चौधरी, जयवीर वाल्मीकि, मुख्य सचिव संजीव कौशल, पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा मौजूद रहे।