दिल्ली एनसीआरराज्यहरियाणा

भिवानी में भाजपा तय करेगी ‘मिशन-2024’ का रोडमैप

सत्ताधारी भाजपा अब ‘मिशन-2024’ की तैयारियों में जुट गई है। इस मिशन के तहत आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारियों का खाका खींचा जाएगा। इस दौरान होने वाले नगर निगमों के चुनावों को लेकर भी पार्टी रणनीति बनाने में जुटी है। इसी कड़ी में अगले दो दिन यानी शुक्रवार और शनिवार को पार्टी भिवानी में मैराथन बैठकें करके मंथन करेगी और रोडमैप तैयार करेगी। भिवानी में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी बिप्लब देब, तीनों केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राव इंद्रजीत सिंह व कृष्ण पाल गुर्जर के अलावा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, सभी मंत्री, सांसद और विधायकों के अलावा पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। भिवानी में ही पार्टी के कोर ग्रुप की भी अलग से बैठक होगी ताकि आगे की रूपरेखा पर व्यापक तरीके से विचार-विमर्श किया जा सके।

दो दिन चलने वाली इन बैठकों में सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, ब्लाॅक अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के संयोजक भी शामिल होंगे। प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में होने वाली बैठकों में आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव मुख्य रूप से एजेंडे में रहेंगे। इस दौरान सरकार के कामकाज की भी समीक्षा होगी। बताते हैं कि पार्टी प्रदेश स्तरीय रैली भी करने की तैयारी में है।

इसे लेकर भी बैठक में चर्चा हो सकती है। लोकसभा क्षेत्रवार रैलियों की शुरुआत पार्टी पहले ही कर चुकी है। इसके तहत फरीदाबाद, सोनीपत और कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की रैलियां हो चुकी हैं। 29 जनवरी को गोहाना (सोनीपत) में हुई रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बतौर मुख्यातिथि आना था, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से वे रैली में नहीं पहुंच सके। बताते हैं कि भाजपा लोकसभा के बाद हलका स्तर की रैलियां भी प्लान कर रही है। हलकों में होने वाली रैलियों को लेकर भी भिवानी में होने वाली बैठकों में चर्चा हो सकती है। लोकसभा के चुनाव अगले साल होने हैं। अगले ही साल अक्तूबर में हरियाणा विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने प्रदेश की सभी दस सीटों पर जीत हासिल की थी।

तीन निगमों में होने चुनाव

प्रदेश के तीन नगर निगमों – गुरुग्राम, फरीदाबाद व मानेसर के चुनाव अगले कुछ माह में ही होने हैं। इन चुनावों को लेकर पार्टी तीनों जगहों पर इलेक्शन इंचार्ज भी नियुक्त कर चुकी है। निगमों के चुनाव भाजपा अपने सिम्बल पर लड़ेगी। प्रदेश में चूंकि भाजपा और जजपा का गठबंधन चल रहा है। ऐसे में इस बात की भी प्रबल संभावना है कि पूर्व की तरह इन निगमों के चुनाव भी दोनों पार्टियां मिलकर लड़ें।

आज नहीं लगेगा विज का जनता दरबार

भिवानी में होने वाली बैठकों के चलते शनिवार को अम्बाला कैंट में लगने वाला गृह मंत्री अनिल विज का ‘जनता दरबार’ इस बार नहीं लग पाएगा। जनता दरबार में प्रदेशभर के लोग आते हैं। इस बीच गृह मंत्री ने तय किया है कि वे हर माह के दूसरे और चौथे शनिवार को प्रदेश की जनता की समस्याओं को सुनेंगे। अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को अब बुधवार को अम्बाला छावनी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सुना जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button