
जवाहर यादव ने कराया पुलिस भर्ती के लिये चयनित उम्मीदवारों का धरना समाप्त
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओएसडी जवाहर यादव ने पुलिस भर्ती के लिये चयनित उम्मीदवारों के 90 दिनों से चल रहे धरने को बृहस्पतिवार को समाप्त करवा दिया। वे सेक्टर-5 में धरना स्थल पर पहुुंचे और उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन दिया कि सभी योग्य चयनित उम्मीदवारों को 15 दिन में ट्रेनिंग पर भेजने का प्रयास किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल चयनित उम्मीदवारों के धरने को लेकर चिंतित हैं और उन्हें यहां संदेशवाहक के रूप में भेजा है। उन्होंने कहा कि 5500 पुरुष व 1100 महिला चयनित उम्मीदवारों की भर्ती के तकनीकी पक्षों की जांच करने के बाद 15 दिन के अंदर आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से पारदर्शी तरीके से मैरिट के आधार पर युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं। यह सरकार की पारदर्शी चयन प्रक्रिया का ही नतीजा है कि आज तक न्यायालय की ओर से भाजपा सरकार की किसी भी भर्ती को रद्द नहीं किया गया।