
भाजपा निगम चुनाव गंभीरता से लड़ेगी और जीतेगी : राव नरबीर
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को कहा कि पार्टी हर चुनाव को गंभीरता से लेती है और यही कारण है कि उसके उम्मीदवार बड़ी जीत दर्ज करते हैं। अब गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम चुनाव जीतने के लिए भी कार्यकर्ता पूरी मेहनत करें। पूर्व मंत्री यहां भाजपा गुरुग्राम विधानसभा की शीतला मंडल कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकर्ताओं काे संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से कराए गए विकास कार्यों काे जनता के समक्ष रखना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने विकास के जो कार्य पूरी किए हैं वे बेमिसाल हैं। हरियाणा में 8 साल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार ने जो काम किए हैं, उनकी लंबी लिस्ट है। इस बैठक में विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि निगम चुनाव की कभी भी घोषणा हो सकती है। इस बैठक का मुद्दा निगम चुनाव की तैयारी और जीत था। विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि गुरुग्राम नगर निगम और मानेसर नगर निगम के चुनाव नजदीक हैं। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने कहा कि पार्टी हर कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण समझती है और समय आने पर उसकी ड्यूटी लगाती है। इस चुनाव में भी सभी कार्यकर्ता यह मानकर चलें कि सभी चुनाव लड़ रहे हैं। इस अवसर पर अर्जुन शर्मा, हंसराज कसाना, वैशाली तोमर, श्रीचंद गुप्ता, हंसराज सैनी, प्रदीप जैन, तिलकराज, आरपी सिंह चौहान, पार्षद सुभाष सिंगला, अनुप सिंह, पार्टी के मंडल टीम से अध्यक्ष प्रियव्रत कटारिया, धीरज कौशिक, अजय जैन, गिरीश सिंगला, कमलेश सैनी, अक्षय सैरा, सुनीता यादव, नमन अग्रवाल, पिंकी यादव, नैना, महिपाल व अन्य मौजूद रहे।