
आम आदमी पार्टी ने किया भाजपा दफ़्तर के बाहर प्रदर्शन
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को आम आदमी पार्टी ने भाजपा के चंडीगढ़ स्थित दफ़्तर के बाहर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर शहर के पूर्व मेयर व पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि भारत के गरीब बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने वाले और पूरे देश के लिए अच्छे स्कूल और शिक्षा मॉडल देने वाले दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को केंद्र सरकार के इशारे पर बिना दोष सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। छाबड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के भारत में बढ़ रहे प्रभाव से भारतीय जनता पार्टी घबरा गई है। इस गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए आज भाजपा के दफ़्तर के सामने शांतमय रोष धरना दिया गया। चंडीगढ़ के सभी आप नेता, कार्यकर्ता व पार्षद इसमें शामिल हुए। प्रदर्शनकारी भाजपा के खिलाफ नारे लगा रहे थे। इस बीच कार्यकर्ताओं ने भाजपा ऑफिस की तरफ जाने का प्रयास किया लेकिन भारी पुलिस सुरक्षा के चलते उन्हें रोक दिया गया।
स्कूल बनाने वालों को जेल भेजना भाजपा का एजेंडा
जीरकपुर (हप्र) :
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए डेराबस्सी के विधायक कुलजीत रंधावा ने कहा कि सिसोदिया को गिरफ्तार करने की जरूरत नहीं थी। वह पिछले 10 महीने में न तो फरार हुए हैं और न ही किसी सबूत को नष्ट किया है। यह गिरफ्तारी लाखों बच्चों की शिक्षा का अपमान है। स्कूल बनाने वालों को जेल भेजना भाजपा का एजेंडा है। भाजपा नहीं चाहती कि देश के लोग शिक्षित हों। आम आदमी पार्टी इस सबसे डरने वाली नहीं है, यह आंदोलन से निकली पार्टी है।