
संसद कूच के लिए किसानों की तैयारियां तेज
किसानों ने एक बार फिर सरकार से दो-दो हाथ करने का मन बना लिया है। केंद्र सरकार द्वारा उनकी मांगें न मानने का आरोप लगाते हुए 20 मार्च को संसद कूच को सफल बनाने के लिए किसान नेता जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और नेताओं की डयूटियां लगाई जारही हैं। इसी सिलसिले में किसान भवन में जिलास्तरीय किसान पंचायत में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संसद कूच को सफल बनाने का आह्वान किया।
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से किसानों से किए गए समझौते को लागू न करके एक बार फिर किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर कर रही है। दिल्ली आंदोलन में हुए लिखित फैसले को संयुक्त किसान मोर्चा लागू करने की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार टस से मस नहीं हो रही है। सरकार के इस किसान विरोधी रवैये से आहत होकर देशभर के किसान संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले एकत्रित होकर 20 मार्च को संसद कूच करने की तैयारियां शुरू कर दी है।
भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने कहा कि केंद्र सरकार की वादाखिलाफी व एमएसपी पर खरीद गारंटी कानून न बनाने तथा बिजली व पराली जलाने का बिल वापस नहीं लेने तथा लखीमपुरखिरी कांड में न्याय न देने सहित अन्य मांगों को पूरा कराने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा दिल्ली में संसद कूच का ऐलान किया है। किसान पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सरदार सुरेंद्र सिंह घुममन ने की।
पंचायत में भाकियू के प्रदेश सरंक्षक प्रेमचंद शाहपुर, प्रदेश संगठन मंत्री शाम सिंह मान, जिला प्रवता सुरेंद्र सागवान, जिला सरंक्षक बाबूराम डाबरथला, अंग्रेज सिंह लाठर, हुकम सिंह दादुपुर, रणबीर सिंह कतलाहेड़ी, सुनील नली खुर्द, जोगिंद्र सिंह झिंडा, कृष्ण जागलाल, कलेकटर सिंह राणा, युवा नेता मंजीत मान, मेहताब सिंह विर्क, सतबीर सिंह गढ़ी बीरबल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।