
ई-टेंडरिंग का विरोध राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी कांग्रेस
सीएम 9 को सुनेंगे सरपंचों की, बैठक का समय तय
ई-टेंडरिंग एवं अन्य मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को पंचायत एसोसिएशन हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल की सेक्टर-6 में डीआईजी ओम प्रकाश नरवाल के साथ बैठक हुई। इस दौरान सरपंच एसोसिएशन हरियाणा के पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से बैठक का समय तय किया गया। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के अनुसार 9 मार्च को मुख्यमंत्री से मिलने का समय तय हुआ है।
इस बीच पंचायतों में ई-टेंडरिंग लागू करने का बवाल बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को पंचकूला में प्रदेशभर के सरपंचों का जमावड़ा बना रहा। इस दौरान सरपंचों से मिलने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे और बुधवार को प्रदर्शनकारी सरपंचों पर पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की। सरंपचों के प्रदर्शन की वजह से पंचकूला में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने चंडीगढ़-पंचकूला रोड को सील कर दिया है। मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे सरपंचों पर पंचकूला में पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिसमें 100 से अधिक सरपंच घायल हो गए। पुलिस ने 4 हजार सरपंचों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बृहस्पतिवार को महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने भी धरने पर बैठे सरपंचों को समर्थन की घोषणा की। वे सरपंचों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों का समर्थन किया। गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेश्वर दयाल की सरपंचों के साथ बैठक बेनतीजा रही थी। उनकी मांग थी कि सीएम मनोहर लाल खुद बयान दें कि ई-टेंडरिंग वापस ले ली गई है। इसके बाद ही उनका धरना खत्म होगा।

चुनाव में मिलेगा लाठियों का जवाब : सैलजा
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने बृहस्पतिवार को ई-टेंडरिंग के खिलाफ धरना दे रहे सरपंचों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के सरपंचों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रदर्शनकारी सरपंचों पर पुलिस लाठीचार्ज की निंदा की और कहा कि आगामी चुनाव में जनता इन लाठियों का जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंचायती राज संस्थाओं को ताकत दी थी। भाजपा-जजपा सरकार को एक भी दिन सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। इस मौके पर विधायक प्रदीप चौधरी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन, पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन, विधायक शैली चौधरी, विधायक रेनू बाला, नगर परिषद पंचकूला की पूर्व अध्यक्ष मनवीर कौर गिल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, प्रदेश प्रवक्ता संजीव भारद्वाज मौजूद रहे।
आज प्रदेशभर में आप का प्रदर्शन
प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार ने सरपंचों पर लाठीचार्ज करवा कर बर्बर कार्रवाई की है। इसके विरोध में शुक्रवार को आप के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में भाजपा-जजपा के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतले फूंकेंगे। पंचकूला के सिविल अस्पताल में लाठीचार्ज में घायल हुए सरपंचों का हाल जानने के बाद धरना स्थल पर पहुंचीं आप की वरिष्ठ नेता चित्रा सरवारा ने यह बात कही।
लाठीचार्ज पंचायतों का अपमान : गौतम
जजपा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय गौतम ने सरपंचों पर पुलिस लाठीचार्ज को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का हक है, लोकतंत्र प्रणाली द्वारा चुने गए सभी सरपंच माननीय हैं। वहीं हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव बजरंग गर्ग ने कहा कि सरपंचों, पंचों पर लाठीचार्ज की जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि सरकार को सरंपचों की मांग माननी चाहिए।