
ब्रिटेन के पूर्व पीएम ब्लेयर के साथ मिलकर हरियाणा में होगा काम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बृहस्पतिवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने ब्लेयर का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे विषयों पर परस्पर सहयोग करने और नई संभावनाओं को तलाशने पर चर्चा हुई। ब्लेयर ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि उनकी संस्था टोनी ब्लेयर फेथ फाउंडेशन हरियाणा में स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग करेगी।
इस मौके पर सीएम ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवा रही है। हर जरूरतमंद को स्वास्थ्य सुविधाएं मिले इसके लिए भी आयुष्मान भारत योजना तथा चिरायु हरियाणा योजना चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के सभी जिलों में एक-एक मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज खोल रही है, जिससे न केवल डॉक्टरों की कमी पूरी होगी बल्कि स्वास्थ्य सुविधाएं भी सुदृढ़ होंगी।
उन्होंने कहा कि टोनी ब्लेयर फेथ फाउंडेशन के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में और विस्तार होगा तथा स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपनी अनेक योजनाओं को सूचना प्रौद्योगिकी के साथ जोड़ा है, जिसके चलते नागरिकों तक योजनाओं व सेवाओं का त्वरित लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया है। उन्होंने टोनी ब्लेयर को बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी कार्यों में आईटी का उपयोग करते हुए एक नया प्रयोग किया है।