हिसार : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने विश्वास जताया कि भाजपा निकाय चुनावों में भी जीत दर्ज कर टि्रपल इंजन की सरकार बनाएगी। वे यहां

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। धनखड़ ने कहा कि नगर निकाय चुनाव भाजपा के लिए अहम हैं। निकाय चुनाव में भाजपा के सामने कोई भी दूसरी पार्टी नहीं टिकेगी।
इससे पहले कार्यालय पहुंचने पर जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र व अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। धनखड़ ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में लगा हुआ है। आज भारत का डंका पूरे विश्व में जोर-शोर से बज रहा है। सबका साथ, सबका विकास के नारे को सार्थक करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी मजबूत किया है और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता मोदी-मनोहर सरकार की हर कल्याणकारी नीतियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाकर अपनी सकारात्मक भूमिका निभा रहा है, लेकिन हमें इसमें और तेजी लानी होगी। भाजपा ही एकमात्र राजनीतिक पार्टी है, जो संगठनात्मक रूप से अन्य पार्टियों से न केवल मजबूत है, बल्कि अनुशासित भी है। इसलिए हर बार की तरह इस बार भी पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन को सबसे महत्वपूर्ण मानकर चलना होगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र सपड़ा ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी की आज शुरू हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, खेल मंत्री संदीप सिंह, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र, प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, जिला प्रभारी मोर्चा अध्यक्ष, मोर्चा प्रभारी मौजूद रहे।
आज मुख्यमंत्री पहुंचेंगे कार्यकारिणी बैठक में
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रमुख संजय शर्मा ने बताया कि पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को सुबह नौ बजे शुरू होगी। इसमें शाम पांच बजे तक विभिन्न विषयों पर गहनता से मंथन होगा। इस मंथन से पहले शुक्रवार शाम को प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों और जिला के प्रभारियों एवं अध्यक्षों के साथ कार्यकारिणी बैठक की तैयारियों पर मंथन किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकारिणी में रखे जाने वाले विषयों पर चर्चा करते हुए कार्य की जिम्मेदारी भी सौंपी। सीएम शनिवार को बैठक में हिस्सा लेंगे।