
दुष्यंत भिवानी में दिखाएंगे ताकत जजपा की राज्यस्तरीय रैली आज
हरियाणा में भाजपा के साथ सत्तारूढ़ जननायक जनता पार्टी (जजपा) 9 दिसंबर को भिवानी में राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेगी। पार्टी के स्थापना दिवस पर हो रही इस रैली के जरिये डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला प्रदेश में पार्टी के बढ़े वर्चस्व की बानगी पेश करेंगे। रैली में पार्टी सुप्रीमो व पूर्व सांसद डॉ़ अजय सिंह चौटाला सहित पार्टी का पूरा शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहेगा। इस मौके पर कुछ नेताओं की ज्वाइनिंग भी हो सकती है। बता दें कि इनेलो से अलग होने के बाद दुष्यंत चौटाला ने 9 दिसंबर, 2018 को जींद में रैली करके जजपा का गठन किया था। इसके बाद जनवरी-2019 में जींद में हुए उपचुनाव में दुष्यंत के छोटे भाई दिग्विजय सिंह चौटाला ने चुनाव लड़ा। हालांकि उस समय तक जजपा को सिम्बल नहीं मिल पाया था। ऐसे में दिग्विजय ने जजपा के समर्थन से चुनाव लड़ा था और वे भारी मतों के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे। चुनाव बेशक भाजपा के डॉ़ कृष्ण मिड्ढा ने जीता, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को दिग्विजय ने तीसरे नंबर पर पहुंचा दिया था। हरियाणा की राजनीति में कम ही ऐसे उदाहरण हैं, जब पार्टी के गठन के एक साल बाद ही सत्ता में भी भागीदारी हो जाए। अक्तूबर-2019 के विधानसभा चुनावों में जजपा ने दस सीटों पर जीत हासिल की। इन चुनावों के नतीजे ऐसे आए कि 75 प्लस का नारा देने वाली सत्तारूढ़ भाजपा 40 सीटों पर सिमट गई। भाजपा के अल्पमत में होने की वजह से उसे जजपा के 10 विधायकों के सहयोग से सरकार का गठन करना पड़ा। यानी चार साल पहले अस्तित्व में आई जजपा अब तीन सालों से सत्ता में है। भिवानी में रैली करने के पीछे भी बड़े राजनीतिक कारण हैं। यहां से डॉ़ अजय सिंह चौटाला सांसद रहे हैं। भिवानी पार्लियामेंट के अंतर्गत आने वाले विधानसभा हलकों में इनेलो के विधायक भी रहे हैं। हालांकि 2019 में केवल दुष्यंत की माता नैना सिंह चौटाला ही बाढ़डा से चुनाव जीतने में कामयाब रहीं। अपने पिता की कर्मस्थली को फिर से अपने साथ जोड़ने की सोच के साथ ही दुष्यंत ने भिवानी में रैली करने का निर्णय लिया।
माना जा रहा है कि इस रैली में भीड़ जुटाकर दुष्यंत अपने सहयोगी यानी भाजपा के साथ-साथ विपक्षी दलों को भी यह संदेश देने की कोशिश करेंगे कि उन्हें कम नहीं आंका जा सकता। रैली की तैयारियों को लेकर जिलावार हुए बैठकों में जुटी भीड़ से यह तो संकेत पहले ही मिल चुके हैं कि भिवानी की रैली में दुष्यंत अच्छी-खासी भीड़ जुटाने वाले हैं।