
पंचकूला के अभयपुर में एक महिला की गला घोटकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक महिला की पहचान गांव अभयपुर निवासी रूबी के रूप में हुई है। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति मनोज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वह अभी फरार है।
मृतक महिला के भाई चंदन ने सेक्टर-19 पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन रूबी की शादी करीब 4 साल पहले मनोज से हुई थी। दोनों मूल रूप से बिहार के हैं। उसकी बहन को कोई बच्चा नहीं था। इस कारण उसका जीजा मनोज उसकी बहन के साथ लड़ाई करता था और उसे धमकी देता था कि वह दूसरी शादी कर लेगा। 13 जनवरी की रात आरोपी ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी मनोज ने अपने ससुर को फोन कर बताया कि उनकी बेटी सोई थी और उसकी मौत हो चुकी है। उसने जीजा मनोज को फोन किया। उसका कहना है कि मनोज ने उसको बताया कि तुम्हारी बहन 4 साल में मुझे बच्चा न दे सकी। मैंने गला घोट कर उसकी हत्या कर दी है। अब मैं दूसरी शादी करूंगा।