
हरियाणा में सत्ताधारी भाजपा ने रैली के जरिये जाटलैंड में ताकत दिखाने के लिए जगह निर्धारित कर ली है। पार्टी 29 जनवरी को गोहाना में पार्लियामेंट स्तर की रैली करेगी। रैली के साथ ही पार्टी ने 3 फरवरी को प्रदेश के तीन जिलों में संत रविदास जयंती के राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया है।
गोहाना पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश की राजनीति का मुख्य केंद्र बनकर उभरा है। सरकार में रहते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी गोहाना में प्रदेश स्तरीय सफल रैली की थी। हालांकि इसके बाद हुए लोकसभा चुनावों में पार्टी को रैली का लाभ नहीं मिल पाया। 2019 के लोकसभा चुनावों में जब हुड्डा ने सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा तो गोहाना में ही रैली की गई थी। 2018 में इनेलो ने भी देवीलाल जयंती के मौके पर सितंबर में गोहाना में ही शक्ति प्रदर्शन किया था। इस रैली से ही इनेलो में बिखराव के संकेत मिले थे। साल के आखिर तक दुष्यंत सिंह चौटाला ने इनेलो से अलग होकर जननायक जनता पार्टी का गठन किया था। ऐसा माना जा रहा है कि गोहाना के राजनीतिक महत्व को देखते हुए ही भाजपा ने सोनीपत पार्लियामेंट की रैली यहां करने का निर्णय लिया है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि गोहाना, सोनीपत के साथ जींद से भी सटा है। जींद का भी काफी एरिया सोनीपत लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। भाजपा की 29 जनवरी को होने वाली रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्यातिथि होंगे। रैली के बाद वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। उनका सांसदों-विधायकों, मंत्रियों के अलावा कोर ग्रुप व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ फीडबैक बैठकें लेने का कार्यक्रम है। पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए तैयारियां पहले ही शुरू की हुई हैं। इस कड़ी में राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह भी गुरुग्राम में हुई दो दिवसीय मैराथन बैठकों में भाग ले चुके हैं।