
छेड़छाड़, यौन शोषण के मामलों में भाजपा सरकार चुप क्यों : सुशील गुप्ता
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक छेड़छाड़ और यौन शोषण के के आरोप झेल रहे हैं। यह दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार या तो ऐसे मामलों में चुप रहती है या बचाव करती है। यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने शनिवार को यहां कही। वे कैंट के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी जूनियर कोच से छेड़छाड़ के आरोपी का सामना कर रहे मंत्री संदीप सिंह को अभी तक पद से नहीं हटाया गया।
प्रदेश प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री संदीप सिंह को बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के मामले में भी कोई एफआईआर नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पहलवानों को उनके खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए जंतर मंतर पर आना पड़ा। सुशील गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय खेलमंत्री ने चार सप्ताह का समय देते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन कुश्ती संघ के अध्यक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इस अवसर पर उत्तरी जोन की संयोजक चित्रा सरवारा, जिलाध्यक्ष गुरचरण सिंह, गुलजार सिंह, सरिता शर्मा, प्रमोद अग्रवाल, मलकियत सिंह, अविनाश, सुरेश त्रेहन, गुरदेव गरनाला, गुरजीत प्रेमी, राजा दानीपुर, विजय गुम्बर, गगन डांग, वीरेन्द्र गांधी, दिलबाग सिंह, जय धीमान, कुशल कटोच, सुधीर राणा, विनोद धीमान, रोबिन खोड़ा, पवन बांगा, गौरव मंडान व अन्य उपस्थित रहे।