
हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम निवासी जवाहर यादव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल का नया ओएसडी नियुक्त किया है। जवाहर पहले हैं, जिनकी दूसरी बार सीएमओ में एंट्री हो रही है। वे खट्टर पार्ट-। में भी सीएम के ओएसडी रह चुके हैं। मंगलवार को मुख्य सचिव संजीव कौशल ने जवाहर यादव के नियुक्ति आदेश जारी किए। माना जा रहा है कि उनकी ताजपोशी सीएम के प्रिंसिपल ओएसडी रहे नीरज दफ्तुआर के स्थान पर हुई है। नीरज ने पिछले साल अक्तूबर में सीएमओ को अलविदा कह चुके हैं। उनके जाने के बाद से ओएसडी का पद खाली था। जवाहर यादव की गिनती सीएम के नजदीकियों में होती है। हालांकि पहले कार्यकाल में जवाहर यादव को प्रदेश के कई मंत्रियों व विधायकों के विरोध के चलते सीएमओ से हटाना पड़ा था। जवाहर यादव पहले कार्यकाल में जब सीएमओ से हटे तो मुख्यमंत्री ने उन्हें हाउसिंग बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त कर दिया था। चेयरमैन का कार्यकाल पूरा होने के बाद वे लम्बे समय तक भाजपा संगठन में एक्टिव रहे।
पिछले कुछ दिनों से जिस तरह से मुख्यमंत्री नियुक्तियां कर रहे हैं, उससे साफ है कि दिल्ली दरबार ने उन्हें ‘फ्री-हैंड’ दिया हुआ है। अब सीएमओ के अलावा बोर्ड-निगमों व अन्य जगहों पर हो रही राजनीतिक नियुक्तियां आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए की जा रही हैं। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय में आने वाले दिनों में होने वाली नियुक्तियों को लेकर भी अंदरखाने मंथन चल रहा है। यमुनानगर के भी एक संघ पृष्ठभूमि के नेताजी की एंट्री होने के आसार हैं।