दिल्ली एनसीआरराज्यहरियाणा

हमारी सरकार ने खत्म किया भय-भ्रष्टाचार : खट्टर

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को कहा कि साल 2014 से पहले हरियाणा में भय और भ्रष्टाचार का वातावरण था, जिसे हमारी सरकार ने दूर करके गरीबों व जरूरतमंदों के कल्याण के लिए काम किया। गोहाना की जन उत्थान रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में सिर्फ नारे लगते थे कि नीचे तक लोगों को लाभ पहुंचाएंगे, लेकिन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की शुरुआत हमने की। केंद्र व राज्य की डबल इंजन की सरकार हरियाणा की जनता की सेवा कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का नारा दिया। इसी प्रकार, हमने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए पूरे प्रदेश का एक समान विकास सुनिश्चित किया है।

हमारी सरकार ने किसी भी क्षेत्र के साथ कोई भेदभाव नहीं किया। हर विधायक को, चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का, अपने क्षेत्रों के विकास के लिए 5-5 करोड़ रुपये की राशि दी है। ग्रामीण क्षेत्र को भी पूरी सुविधाएं दी हैं। छोटी सरकारों को पूरी ताकत दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सुशासन का संकल्प लिया और जनता को घर बैठे पारदर्शी तरीके से सभी योजनाओं व सेवाओं का लाभ पहुंचाया। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे कार्यकाल में पर्ची-खर्ची के बिना, केवल मेरिट के आधार पर युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलीं। ट्रांसफर में भी भ्रष्टाचार खत्म किया।

भ्रष्टाचार करने वाले हुए बेरोजगार :

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में ‘बीबीसी’ सरकार चलती थी, यानी बदली, भर्ती और सीएलयू। सरकार ने इस बीबीसी प्रथा को खत्म किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष कहता है कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ गई है, परंतु वास्तविक्ता यह है कि जो लोग भ्रष्टाचार करते थे, वे आज बेरोजगार हो गए हैं, इस कारण विपक्ष को बेरोजगारी का बड़ा हुआ आंकड़ा मिलता है।

रैली के संयोजक रमेश कौशिक, भाजपा की केंद्रीय नेता सुधा यादव, कृषि मंत्री जेपी दलाल, स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता, सहकारिता मंत्री बनवारीलाल, सांसद संजय भाटिया, सांसद अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, विधायक मोहनलाल बड़ौली, विधायक निर्मल चौधरी, विधायक महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज, युवा आयोग के चेयरमैन मुकेश गौड़, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर अमित आर्य, भाजपा जिला अध्यक्ष तीर्थ राणा, पूर्व मंत्री कविता जैन, आजाद नेहरा, कविता चौधरी, नीरज आत्रेय आदि भी इस मौके पर मौजूद रहे।

मौसम ने रोकी शाह की राह, फोन से किया संबोधि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खराब मौसम के चलते रैली में नहीं पहुंच सके। उन्होंने मोबाइल फोन पर दिए संक्षिप्त भाषण में मिशन-2024 का शंखनाद करते हुए नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की हर लोकसभा सीट पर कमल खिलेगा, इसका मुझे विश्वास है। मुख्य अतिथि अमित शाह के इंतजार के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रैली को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ अपना मोबाइल फोन लेकर उनकी ओर बढ़े। फोन सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्य अतिथि मोबाइल फोन पर रैली को संबोधित करेंगे। शाह ने कहा कि बड़े मन से रैली में आना चाहता था, लेकिन खराब मौसम के कारण इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार कम हुआ, कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक हुई, जातिवाद समाप्त हुआ और 70 साल में इतना विकास नहीं हुआ, जितना 8 साल में हुआ है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक, राज्यसभा सदस्य कृष्ण पंवार ने भी रैली को संबोधित किया।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button