
मोहाली, अमृतसर, जालंधर व कपूरथला में चर्च पर केंद्रीय जांच एजेंसी के छापे
धर्म-परिवर्तन मामलों में पैसों के लेन-देन की जांच
उल्लेखनीय है कि ओपन डोर चर्च खोजेवाला दोआबा का सबसे प्रमुख चर्च माना जाता है, यहां पर प्रदेशभर से श्रद्धालु आते हैं। इस चर्च में हर वीरवार और रविवार को प्रार्थना होती है, जिसमें हजारों प्रभु प्रेमी शामिल होते है। इसके अलावा अमृतसर और मोहाली-जीरकपुर में भी कार्रवाई की जा रही है। जालंधर की ताजपुर चर्च जहां पर पादरी बजिंदर सिंह प्रमुख हैं, उनके ठिकाने पर भी छापेमारी की गई है। इसके अलावा कपूरथला की खोजेवाला चर्च में हरप्रीत सिंह देओल के ठिकाने पर भी रेड की सूचना है। सूत्रों से पता चला है कि इन पर धर्म-परिवर्तन के आरोप लगते रहे हैं। इसके लिए काफी पैसा आने की सूचना मिली थी। इस पर ही जांच चल रही है। प्रारंभिक सूचना में पता चला है कि यह टीम आयकर विभाग की है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि कोई नहीं कर रहा है। पादरी बजिंदर पर एक महिला ने दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। इस मामले में उसे दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के खिलाफ एक महिला को विदेश ले जाने के नाम पर दुष्कर्म करने और नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने के आरोप थे। जांच की जा रही है कि धर्म-परिवर्तन के मामलों में कहीं पैसों का लेनदेन तो नहीं हुआ है। विदेशों या अन्य किसी संस्था से पैसों के लेन-देन के कनेक्शन की रिपोर्ट्स केंद्रीय जांच एजेंसी के पास पहुंची थी।